जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत आज विकासखंड स्याल्दे की न्याय पंचायत महंग्यारी में एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आमजन की समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान कुल 198 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इसके अतिरिक्त 122 आवेदन पत्र विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्रों से संबंधित भरवाए गए। प्राप्त शिकायतों में से कई का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर में उपस्थित याक्षी अरोड़ा द्वारा शेष लंबित प्रकरणों के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
