Sat. Feb 21st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा भ्रमण पर पहुंचे कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में जिला योजना, राज्य योजना तथा केंद्र पोषित योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा तथा प्रत्येक विभाग अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करे।
बैठक में जनपद में संचालित निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने सड़क सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, लंबित सड़क परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने तथा यातायात सुगमता हेतु प्रस्तावित पार्किंग निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित कार्यों की प्रगति पर भी विशेष ध्यान देते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।
उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्राधिकरण से संबंधित विकासात्मक गतिविधियों की भी गहन समीक्षा कर जनहित को सर्वोपरि रखते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
आयुक्त ने कहा कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, स्थलीय निरीक्षण तथा विभागों के मध्य बेहतर समन्वय से ही अपेक्षित परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस विभाग की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, सुरक्षित एवं निर्भय वातावरण सुनिश्चित करने तथा नशे एवं मादक पदार्थों की चेन को तोड़ते हुए जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।
कुमाऊँ आयुक्त ने जनपद में संचालित पिंक ई-रिक्शा योजना, सखी बाज़ार, नशा मुक्ति केंद्र, गोवंशों के लिए कन्हावन योजना एवं शिक्षा स्वयंसेवक योजना जैसी पहलों की सराहना की।
बैठक में उपस्थित जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आयुक्त को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों को प्राथमिकता के आधार पर लागू करते हुए अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने पीपीटी के माध्यम से जनपद में संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।