जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
खेल प्रतियोगिताएँ नन्ही प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम: आयुक्त
हेमवती नंदन बहुगुणा इनडोर स्टेडियम, अल्मोड़ा में आयोजित स्वर्गीय सी.एल. सेन मेमोरियल जूनियर बैडमिंटन टूर्नामेंट का आज कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत द्वारा विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयुक्त ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया तथा विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में आयुक्त ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएँ जनपद में खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नन्हीं प्रतिभाओं को अपनी क्षमता और कौशल निखारने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का आह्वान किया। आयुक्त ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से उभरने वाली प्रतिभाओं को शासन स्तर पर प्रोत्साहित कर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि बाल्यावस्था से खेलों में सहभागिता बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। खेल बच्चों में आत्मविश्वास, क्षमता एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा आयोजन समिति को सफल आयोजन हेतु शुभकामनाएँ दीं।
उल्लेखनीय है कि यह प्रतियोगिता उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में सेन सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सोसाइटी एवं जिला बैडमिंटन संघ, अल्मोड़ा द्वारा 17 फरवरी से 19 फरवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता अंडर-8, अंडर-9, अंडर-10 एवं अंडर-11 आयु वर्ग में आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के सचिव बी.एस. मनकोटी, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन कोच डी.के. सेन, जिला खेल अधिकारी महेशी आर्य, उप जिला क्रीड़ा अधिकारी अरुण बंग्याल, टूर्नामेंट आयोजक सचिव गोकुल मेहता सहित अन्य पदाधिकारी, अभिभावक एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
