जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने आज अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट का निरीक्षण किया। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा तथा अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने आयुक्त का स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान कुमाऊँ कमिश्नर ने कलेक्टर कोर्ट में लंबित वादों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामलों के निस्तारण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया तथा जिलाधिकारी को अपने अधीनस्थ न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, बहुमूल्य एवं ऐतिहासिक दस्तावेजों के संरक्षण तथा उनके डिजिटलीकरण के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सभी अभिलेख बस्तों पर वर्षवार स्टीकर चस्पा किए जाएं, जिससे रिकॉर्ड को ट्रेस करना आसान हो। आज़ादी से पूर्व के अभिलेखों को अलग से सुरक्षित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त आयुक्त ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील ढंग से उपलब्ध कराया जाए तथा अनावश्यक देरी से बचा जाए। जनसेवा में जवाबदेही बनाए रखने पर भी उन्होंने विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पटल सहायक उपस्थित रहे।
