जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा “जन जन की सरकार, जन जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखंड ताड़ीखेत एवं विकासखंड सल्ट की न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया।
विकासखंड ताड़ीखेत की न्याय पंचायत बंगोड़ा में आयोजित शिविर के माध्यम से 1141 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर के दौरान कुल 256 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 138 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
इसी क्रम में विकासखंड सल्ट की न्याय पंचायत कुनहील में आयोजित शिविर में 384 लोगों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभ प्रदान किया गया। यहां शिविर के दौरान 70 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 47 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
यदि दोनों शिविरों के संयुक्त आंकड़ों की बात करें तो कुल 1525 लोगों को लाभान्वित किया गया, जबकि 326 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 185 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया गया, जो प्रशासन की त्वरित कार्यशैली को दर्शाता है।
शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से न केवल आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया, बल्कि शासन की योजनाओं की जानकारी भी सीधे जनता तक पहुंचाई गई। इससे शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने की मंशा को मजबूती मिली।
