Mon. Mar 23rd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़

अल्मोड़ा, “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” की भावना को साकार करते हुए जनपद अल्मोड़ा में प्रशासन गाँव की ओर अभियान लगातार प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है तथा विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मौके पर ही उपलब्ध कराई जा रही है।
इसी क्रम में विकासखंड धौलादेवी की न्याय पंचायत कलौटा, विकासखंड द्वाराहाट की न्याय पंचायत कफड़ा तथा ताड़ीखेत विकासखंड की न्याय पंचायत बमस्यू़ं में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई और प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
न्याय पंचायत कलौटा में आयोजित शिविर से 686 लोगों को विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ मिला, जबकि कफड़ा न्याय पंचायत में 515 ग्रामीण लाभान्वित हुए। वहीं बमस्यू़ं न्याय पंचायत में आयोजित शिविर से 1269 लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया। इस प्रकार तीनों शिविरों के माध्यम से कुल 2470 ग्रामीणों को सीधा लाभ पहुंचाया गया।
द्वाराहाट विकासखंड के कफड़ा न्याय पंचायत में आयोजित शिविर में उपाध्यक्ष पीएमजीएसवाई अनुश्रवण परिषद शिव सिंह बिष्ट तथा कलौटा न्याय पंचायत में उपाध्यक्ष पेयजल अनुश्रवण परिषद दिनेश आर्य ने प्रतिभाग किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाना है और अधिकारी संवेदनशीलता के साथ समस्याओं का निवारण सुनिश्चित करें।
शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।