जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा होटल हिमसागर में ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (रीप) के अंतर्गत आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच के प्रथम दिवस का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास विभाग के.एन. तिवारी, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत एवं जिला परियोजना प्रबंधक राजेश मठपाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला प्रबंधन इकाई, अल्मोड़ा के सहायक प्रबंधक (संस्थाएं एवं समावेशन) द्वारा प्रतिभागियों के स्वागत एवं प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करने के साथ हुई। इस दौरान नवनियुक्त कार्मिकों को परियोजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में जनपद स्तर के कार्मिकों के साथ हवालबाग, लमगड़ा, धौलादेवी, भैंसियाछाना और द्वाराहाट विकासखंडों के क्लस्टर स्तरीय संघ (CLF) के कार्मिक शामिल हुए।
परिचय सत्र के बाद परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी ने प्रतिभागियों को उनके दायित्वों के प्रति सजग रहने और पूर्व जानकारी रखने पर बल दिया। जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत ने कहा कि रीप परियोजना के माध्यम से कार्मिक अपने ज्ञान और कौशल को बढ़ाकर सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं।
परियोजना निदेशक ने परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए निर्देश दिए कि कार्मिक अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करते हुए क्षेत्र की महिलाओं और दूरस्थ ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। साथ ही विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने पर जोर दिया गया।
इसके बाद सहायक प्रबंधक (मूल्यांकन एवं अनुश्रवण) ने पीपीटी के माध्यम से परियोजना की गतिविधियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। वहीं यंग प्रोफेशनल द्वारा तकनीक और सोशल मीडिया के जरिए परियोजना के प्रभावी प्रचार-प्रसार के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में जिला परियोजना प्रबंधक राजेश मठपाल ने सभी कार्मिकों से समन्वय और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण में लगभग 70 प्रतिभागियों ने भाग लिया और धन्यवाद ज्ञापन के साथ प्रथम दिवस का समापन हुआ।
