जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 26 सितंबर 2024 जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने आज पर्यटन विभाग की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी प्राप्त की। जिला पर्यटन विकास अधिकारी प्रकाश खत्री ने विभिन संचालित योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी पीपीटी के माध्यम से जिलाधिकारी को दी।

बैठक में जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन अधिकारी को कड़े निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए जो वाहन एवं होम स्टे सरकारी योजनाओं से आच्छादित हैं, उनपर संबंधित योजनाओं का लोगो अनिवार्य रूप से लगाया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में संचालित सभी होटल एवं होम स्टे का पंजीकरण अनिवार्य रूप से हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला पर्यटन अधिकारी को यह निर्देश भी दिए कि समय समय पर होटल एवं होम स्टे की जांच भी की जाएं तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी मानक पूरे किए जा रहे हैं। जो भी होटल या होम स्टे संचालक नियमों का का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाए।
इस दौरान उन्होंने वीर चंद्र सिंह गड़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना, दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास योजना, मातृ पितृ तीर्थाटन योजना, मुख्यमंत्री घोषणा, मल्ला महल के कार्यों समेत अन्य योजनाओं को समीक्षा की। जिला पर्यटन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वीर चंद्र सिंह गड़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना में वाहन मद में 25 प्रतिशत एवं गैर वाहन मद में 33 प्रतिशत तक की सब्सिडी लाभार्थी को सरकार की ओर से दी जाती है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पात्र लोगों को ही योजनाओं का लाभ दिया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से आच्छादित किया जाए । जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि बीते 5 वर्ष में माह अगस्त 2024 तक जनपद में 947227 पर्यटक पंजीकृत रूप से आए हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, क्षेत्रीय पुरातात्विक अधिकारी डॉ सीएस चौहान, सहायक अभियंता केएमवीएन केके जोशी समेत अन्य उपस्थित रहे।