जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा। पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने प्रदेश की नौकरशाही और सरकार पर नकल गिरोह को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में लगातार बढ़ रहे पेपर लीक के मामले युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हैं। टम्टा ने यूकेएसएसएससी पेपर लीक प्रकरण की जांच सीबीआई से हाई कोर्ट के न्यायाधीश की देखरेख में कराने की मांग की।

पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार सबूत मिलने के बाद भी मामले की लीपापोती कर रही है। एक साल बीत जाने के बाद भी हाकम सिंह जैसे मामलों में ट्रायल शुरू नहीं हुआ, जो प्रदेश सरकार की लापरवाही को दर्शाता है। टम्टा ने कहा कि सरकार को विवादित परीक्षा निरस्त कर, एक महीने के भीतर पुनः परीक्षा की तिथि घोषित करनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस संगठन देहरादून में बड़ा प्रदर्शन करेगा। कांग्रेस पार्टी युवाओं के हितों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन चलाएगी।
पूर्व सांसद ने भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार के “सबका साथ सबका विकास” नारे को खोखला बताया और आरोप लगाया कि भाजपा सरकारें दलित, पिछड़े और कमजोर वर्ग विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में स्वीकृत मुंशी हरिप्रसाद टम्टा परंपरागत शिल्प उन्नयन संस्थान को भाजपा ने उपेक्षित छोड़ दिया है।
इसके अलावा टम्टा ने केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा और प्रदेश सरकार पर अल्मोड़ा-हल्द्वानी मार्ग व पिथौरागढ़-टनकपुर मार्ग की बदहाल स्थिति के लिए नाकामी का आरोप लगाया।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज, विधायक मनोज तिवारी, वरिष्ठ नेता प्रकाश जोशी, पूर्व जिला अध्यक्ष पीतांबर पांडे, नगर अध्यक्ष ताराचंद्र जोशी, भैरव गोस्वामी और छात्र संघ उपाध्यक्ष निकिता रौतेला मौजूद रहे।