जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा नगर क्षेत्र में तेंदुओं की लगातार बढ़ती गतिविधियों और उससे उत्पन्न गंभीर जनसुरक्षा संकट को लेकर आज नगर कांग्रेस कमेटी, अल्मोड़ा ने प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अल्मोड़ा को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वन विभाग की कथित लापरवाही के विरोध में कार्यालय का घेराव भी किया।


ज्ञापन में कहा गया कि नगर के रिहायशी इलाकों, स्कूलों, पैदल मार्गों और घरों के आसपास तेंदुओं की खुलेआम आवाजाही आमजन के लिए जानलेवा खतरा बन चुकी है। नगरवासी भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जो अत्यंत चिंताजनक है।
नगर कांग्रेस कमेटी ने वन विभाग के समक्ष प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि तेंदुओं की सक्रियता वाली सभी चिन्हित जगहों पर तत्काल पिंजरे लगाए जाएं। साथ ही नगर के संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा ट्रैप कैमरे और निगरानी व्यवस्था को तत्काल सुदृढ़ किया जाए। कांग्रेस ने सरकार और वन विभाग से यह भी स्पष्ट करने की मांग की कि जंगली जानवरों से आमजन की सुरक्षा के लिए क्या नीतियां बनाई गई हैं और अब तक उन पर अमल क्यों नहीं हुआ।
ज्ञापन में भविष्य में तेंदुओं से होने वाली घटनाओं की रोकथाम के लिए स्पष्ट कार्ययोजना, समय-सीमा और जिम्मेदार अधिकारियों के नाम सार्वजनिक करने की मांग की गई। इसके अलावा पकड़े गए तेंदुओं को नगर क्षेत्र से दूर सुरक्षित वन क्षेत्रों में छोड़ने अथवा स्थायी समाधान के तहत जू या रेस्क्यू सेंटर में रखने की बात भी कही गई, ताकि पुनः खतरा उत्पन्न न हो।
नगर कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और किसी भी प्रकार की जनहानि होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी वन विभाग और शासन-प्रशासन की होगी। ऐसी स्थिति में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, नगर अध्यक्ष ताराचंद्र जोशी, पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, पूरन सिंह रौतेला, महिला जिला अध्यक्ष राधा बिष्ट, पार्षद वैभव पांडे, दीपक कुमार, इंतखाब आलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व नगरवासी मौजूद रहे।