Wed. Feb 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर अल्मोड़ा में सोमवार को कांग्रेस का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर में विशाल जुलूस निकालते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ तीखा प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक नगरी “अंकिता को न्याय दो”, “जब तक न्याय नहीं—संघर्ष जारी रहेगा” जैसे नारों से गूंज उठी।
मालरोड स्थित चौघानपाटा से शुरू हुआ जुलूस मुख्य बाजार होते हुए गांधी पार्क पहुंचा, जहां हुई जनसभा में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर सीधे-सीधे न्याय को कुचलने का आरोप लगाया। विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि अंकिता की हत्या केवल एक बेटी की हत्या नहीं, बल्कि पूरे समाज की आत्मा पर हमला है। सरकार सच्चाई दबाने में लगी है और जब तक सीबीआई जांच नहीं होती, तब तक न्याय की उम्मीद बेईमानी होगी।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोषियों को बचाने के लिए सबूत मिटाए गए और जांच को जानबूझकर कमजोर किया गया। उन्होंने कहा कि यह सत्ता के संरक्षण में किया गया अपराध है, जिसे कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी।
जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अल्मोड़ा की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब सरकार के लिए साफ संदेश है। जनता अब झूठे आश्वासनों में फंसने वाली नहीं है। अंकिता को न्याय दिलाना हमारी नैतिक और राजनीतिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस इस लड़ाई को सड़क से सदन तक ले जाएगी और जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में सरकार से सीबीआई जांच की मांग करते हुए न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।