जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा गुरुवार को अल्मोड़ा में आयोजित अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े विरोध प्रदर्शन के दौरान एक महिला के बयान को लेकर भारी हंगामा खड़ा हो गया। महिला द्वारा दिए गए वक्तव्य में “ब्राह्मणवाद” शब्द के प्रयोग और कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के बाद समाज में रोष फैल गया।
इस मामले में शिकायतकर्ता वैभव जोशी ने आज पुलिस को तहरीर सौंपते हुए बताया कि दिनांक 08/01/2026 को प्रातः लगभग 11 बजे गांधी पार्क, चौघान पाटा में अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर विभिन्न संगठनों द्वारा एक आम सभा आयोजित की गई थी। वह अपने कुछ मित्रों के साथ इस सभा में उपस्थित थे। सभा में कई लोगों ने अपने विचार रखे, लेकिन इसी दौरान एक अज्ञात महिला द्वारा दिए गए बयान समाज में द्वेष फैलाने वाले थे।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि महिला ने “Every Man is a Potential Rapist” नामक पुस्तक का हवाला देते हुए बार-बार उक्त कथन दोहराया और उसका समर्थन किया, जिससे अल्मोड़ा के पुरुषों में भारी रोष व्याप्त हो गया। इसके अलावा महिला द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मंच पर जूता मारने अथवा जूता पड़ने जैसी बातें कहे जाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि महिला ने शराबियों, बलात्कारियों जैसे आपत्तिजनक शब्दों के साथ-साथ ब्राह्मणवाद और मनुवाद जैसे शब्दों का प्रयोग किया, जिससे विशेष समाज की भावनाएं आहत हुईं। तहरीर के अनुसार, इस प्रकार के बयानों से समाज में तनाव और आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
पुलिस ने तहरीर प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच किए जाने की बात कही है।
