Wed. Feb 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़

जिला अस्पताल में कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट और अभद्रता के मामले ने अब विस्फोटक रूप ले लिया है। बुधवार को डॉक्टरों और कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया और प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी कि यदि आरोपी पर तुरंत कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो पूरा जिला अस्पताल कार्य बहिष्कार पर चला जाएगा।
डॉक्टरों और कर्मचारियों का कहना है कि 8 जनवरी को नरेंद्र सिंह बिष्ट, निवासी मटेला (कोसी) ने अपने साथियों के साथ मिलकर पंजीकरण एवं शुल्क कक्ष में कर्मचारियों के साथ हाथापाई, गाली-गलौज और खुलेआम दबंगई की। इतना ही नहीं, बिना अनुमति अल्ट्रासाउंड कक्ष में घुसकर वीडियोग्राफी की गई और बाद में सोशल मीडिया पर अस्पताल की छवि खराब करने वाली आपत्तिजनक पोस्ट भी डाली गईं।
इस गंभीर मामले में कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे स्वास्थ्यकर्मियों में भारी रोष है। कर्मचारियों ने सवाल उठाया कि जब अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थान में भी कर्मचारी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?
डॉक्टरों और कर्मचारियों ने प्रशासन को चेताया कि यदि जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन के साथ-साथ पूर्ण कार्य बहिष्कार करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी। इस संबंध में जिलाधिकारी को कड़ा ज्ञापन भी सौंपा गया।
प्रदर्शन में डॉ. अक्षत, डॉ. हरीश आर्या, डॉ. जीवन मपवाल सहित बड़ी संख्या में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में कहा—अब चुप नहीं बैठेंगे, सम्मान और सुरक्षा के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।