जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा। शहर में लगातार बढ़ती बंदरों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगरनिगम अल्मोड़ा ने आज ठोस कार्रवाई की। बंदरों के बढ़ते आतंक से परेशान स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद नगरनिगम की टीम ने चर्च परिसर में पिंजरा लगाकर अभियान चलाया, जिसमें 14 बंदरों को सफलतापूर्वक पकड़ा गया।
पिछले कुछ समय से नगर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों, विशेषकर सार्वजनिक स्थलों और रिहायशी क्षेत्रों में बंदरों का उत्पात बढ़ गया था। बंदर घरों में घुसकर खाद्य सामग्री नुकसान पहुंचा रहे थे, राह चलते लोगों से सामान छीनने की घटनाएं भी सामने आ रही थीं। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
नगरनिगम को चर्च परिसर और आसपास के क्षेत्रों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बंदरों के झुंड लोगों पर झपट रहे हैं और धार्मिक स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थिति को देखते हुए नगरनिगम की टीम ने मौके पर पिंजरा लगाकर मानवीय तरीके से बंदरों को पकड़ने का अभियान चलाया।
नगरनिगम अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शहर के अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी इसी तरह कार्रवाई की जाएगी ताकि आम जनता को राहत मिल सके। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे खुले में खाने-पीने का सामान न रखें और बंदरों को भोजन न कराएं, क्योंकि इससे उनकी संख्या और आक्रामकता बढ़ती है।
नगरनिगम ने भरोसा दिलाया है कि शहर को बंदर आतंक से राहत दिलाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा और जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। बन्दरों को पकड़ने आयी टीम के साथ पार्षद श्याम पाण्डे ,पार्षद देवेश बिष्ट एवं सामाजिक कार्यकर्ता भुवन जोशी मौजूद रहें।
