Wed. Feb 11th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

जनपद में मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एनकॉर्ड (NCORD) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में आयोजित बैठक में मादक द्रव्यों, प्रीकर्सर केमिकल (पूर्वगामी रसायन) आदि के दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्त निगरानी और समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बिना प्राधिकरण या लाइसेंस के नशीली दवाओं की बिक्री करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में नशीले पदार्थों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों को संयुक्त अभियान चलाने को कहा गया।
बैठक में नशा पीड़ित व्यक्तियों की पहचान कर उनके समुचित पुनर्वास पर विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग एवं नशा मुक्ति केंद्रों को निर्देशित किया गया कि पीड़ितों की नियमित काउंसलिंग, उपचार तथा आवश्यकता पड़ने पर पुनर्वास केंद्रों में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नशा छोड़ चुके व्यक्तियों की निरंतर काउंसलिंग कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
युवाओं और विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल गतिविधियों तथा एनसीसी/एनएसएस के माध्यम से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए ठोस और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश पुरोहित, जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया तथा विभिन्न एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।