जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जनपद में अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आपात बैठक बुलाकर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे सक्रिय और सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने 2 सितंबर 2026 को जनपद के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि के दौरान बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
डीएम ने जनपद में संचालित ऐसे सभी निर्माण कार्य, जिनमें भू-कटाव अथवा खुदाई का कार्य किया जा रहा है, उन्हें तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सभी प्रमुख एवं संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी मशीनों को तैयार रखने के निर्देश दिए। किसी भी स्थान पर मलबा आने या मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करते हुए यातायात सुचारू कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को सभी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा एंबुलेंस सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित अन्य विभागों के अधिकारी तथा सभी उपजिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।