Wed. Sep 9th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

हल्द्वानी मंगल पड़ाव स्थित शिव मंदिर में हुई चोरी का कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया सामान और नगदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को शिव मंदिर मंगल पड़ाव के निवासी गिरीश गिरी गोस्वामी ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर के दानपात्र और अलमारी के ताले तोड़कर रुपये तथा अन्य सामान चोरी कर लिया है। मामले में एफआईआर संख्या 303/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की को सौंपी गई।
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी शुरू की।
पुलिस टीम ने 7 सितंबर 2026 को डीके पार्क, हल्द्वानी के पास से हनी सिंह (20), निवासी जवाहर नगर, फरहान मस्जिद के पास, बनभूलपुरा को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से तांबे के लोटे, एक बड़ी घंटी, 12 छोटी घंटियां, एक पीतल का भगोना, एक पीतल का डोंगा और ₹2,808 नगद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की, हेड कांस्टेबल सुन्दर कोहली, कांस्टेबल संतोष बिष्ट और कांस्टेबल भूपाल सिंह शामिल रहे।