Thu. Oct 22nd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, कुमाऊं की धार्मिक आस्था, लोकपरंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समर्पित जय गोल्ज्यू महोत्सव 2026 का गुरुवार को पारंपरिक कलश यात्रा के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। ड्यूनी पोखर से निकली कलश यात्रा नगर के प्रमुख बाजारों से होते हुए ऐतिहासिक मल्ला महल पहुंची। यहां गोल्ज्यू देवता की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सात दिवसीय महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
महोत्सव का उद्घाटन नगर निगम अल्मोड़ा के महापौर अजय वर्मा, दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष मिली लटवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला एवं पूर्व जिलाध्यक्ष ललित लटवाल सहित अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में हुआ।
इस अवसर पर राजीव गुरुरानी, प्रकाश भट्ट, धर्मेंद्र बिष्ट, हरीश कनवान, संदीप सिंह, पूनम पालीवाल, मनोहर नेगी, रजा अली अंसारी, त्रिलोकराम, मनीष जोशी, लता तिवारी, गोपाल मेहरा सहित नगर निगम के पार्षदगण और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
महोत्सव के तहत दिन के कार्यक्रमों में पारंपरिक ऐपण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए ऐपण के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं की आकर्षक झलक प्रस्तुत की।
आयोजकों के अनुसार, जय गोल्ज्यू महोत्सव का उद्देश्य कुमाऊं की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकपरंपराओं और धार्मिक आस्था को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ना है। महोत्सव स्थानीय कलाकारों और लोककलाओं को मंच उपलब्ध कराने के साथ ही सामाजिक सहभागिता तथा सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है।
महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही अल्मोड़ा नगर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। आगामी दिनों में विभिन्न सांस्कृतिक, लोक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे सात दिवसीय जय गोल्ज्यू महोत्सव को और भव्य रूप देने की तैयारी है।