Thu. Oct 22nd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

सोमेश्वर/अल्मोड़ा कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति के आरोपों को लेकर मंगलवार को सोमेश्वर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने जुलूस निकालकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपों की सच्चाई जनता के सामने लाने की मांग की।
प्रदर्शनकारी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हुकुम सिंह बोरा के स्मारक से जुलूस के रूप में रवाना हुए। जुलूस मुख्य बाजार, चौराहे सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ रेखा आर्या के आवास तक पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
जुलूस के बाद सोमेश्वर चौराहे पर जनसभा आयोजित की गई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. अजय पाल ने अपने संदेश में कहा कि सोमेश्वर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों और संसाधनों के इस्तेमाल में यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने 210 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति से जुड़े आरोपों को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र बाराकोटी ने कहा कि सोमेश्वर की जनता क्षेत्र के विकास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर जवाब चाहती है। उन्होंने कहा कि सड़क, अस्पताल, आधुनिक विद्यालय, खेल मैदान और पेयजल जैसी सुविधाएं जनता की मूल जरूरत हैं। उन्होंने कथित संपत्ति के मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की।
जनसभा में स्थानीय महिलाओं और अन्य वक्ताओं ने भी क्षेत्र में विकास कार्यों की कथित अनदेखी का मुद्दा उठाया। वक्ताओं ने कहा कि सवाल केवल कथित संपत्ति के आरोपों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र के विकास, योजनाओं की प्राथमिकता और सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर भी जनता के बीच सवाल उठ रहे हैं।
वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज, पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र बाराकोटी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमेश भाकुनी, जिला पंचायत सदस्य कुंदन भंडारी, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राजू भट्ट, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष भुवन दोसाद, किशोर नयाल, पूर्व प्रधान संगठन अध्यक्ष प्रकाश खाती, महिला मोर्चा ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमा बोरा, न्याय पंचायत अध्यक्ष श्याम सिंह दोसाद, हीरा मेहरा, जिला महामंत्री निर्मल रावत, राहुल आर्य, राजेंद्र सिंह, अमित कुमार, एनएसयूआई अध्यक्ष कैलाश कुमार, विजय सैजारी और अधिवक्ता नवल जोशी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।