जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा सेकेंड फेडरेशन कप ओपन स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 के लिए अल्मोड़ा जनपद से 60 सदस्यीय ताइक्वांडो टीम का चयन किया गया है, जो अपने जिले अल्मोड़ा का प्रतिनिधित्व करेगी। यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता आगामी 4 से 6 जनवरी 2026 तक बागेश्वर स्थित दीप पैलेस के सभागार में आयोजित की जाएगी।
डिस्ट्रिक ताइक्वांडो एंड पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन अल्मोड़ा के अध्यक्ष कमल कुमार बिष्ट (पांचवीं डिग्री ब्लैक बेल्ट), राष्ट्रीय रेफरी एवं ताइक्वांडो प्रशिक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि चयनित टीम में किड्स, सब-जूनियर, कैडेट, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के ताइक्वांडो खिलाड़ी शामिल हैं। टीम के साथ टीम मैनेजर, टीम कोच, निर्णायक मंडल के सदस्य तथा जिला एसोसिएशन के पदाधिकारी भी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। टीम में एसोसिएशन के महासचिव प्रदीप कुमार जोशी (ब्लैक बेल्ट) भी शामिल हैं।
महासचिव प्रदीप कुमार जोशी ने बताया कि इस ओपन स्टेट ताइक्वांडो प्रतियोगिता के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी आगामी सेकेंड राष्ट्रीय ताइक्वांडो फेडरेशन कप 2026 में अपने राज्य उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता जनवरी माह में नासिक (महाराष्ट्र) में प्रस्तावित है।
उन्होंने आगे कहा कि अल्मोड़ा जनपद एवं उत्तराखंड में ताइक्वांडो खेल को और अधिक मजबूती देने, प्रचार-प्रसार करने तथा जन-जन तक पहुंचाने के लिए एसोसिएशन द्वारा विगत कई वर्षों से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। जिले के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
इस दिशा में प्रशिक्षकों, प्रतिभावान खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं एसोसिएशन पदाधिकारियों के सामूहिक प्रयास से खिलाड़ी निरंतर कड़ी मेहनत कर रहे हैं और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
