Mon. Mar 9th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा जिला पंचायत अल्मोड़ा की बैठक जिला पंचायत सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा ने की, जिसमें जनपद के विकास कार्यों, आगामी वित्त वर्ष के बजट, विभिन्न योजनाओं की प्रगति तथा जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याएं और विकास कार्यों के प्रस्ताव रखे। इन प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।
बैठक में वित्त वर्ष 2026–27 के लिए अनुमानित 74 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया। साथ ही जिला पंचायत की आय बढ़ाने के लिए परिसंपत्तियों के सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया। जिला पंचायत की संपत्तियों की सुरक्षा के लिए उनकी तारबाड़ कराने तथा आय बढ़ाने के उद्देश्य से परिसंपत्तियों को लीज पर दिए जाने के विषय पर भी सदस्यों ने सहमति जताई।
बैठक के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। सदस्यों ने कहा कि विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत जनपद के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मोहन सिंह मेहरा (विधायक जागेश्वर), जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।