जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा नगर निगम अल्मोड़ा के पार्षदों एवं मां नंदादेवी मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे शहर की छवि धूमिल करने की सुनियोजित साज़िश करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
पार्षद अमित साह मोनू, अर्जुन बिष्ट तथा मां नंदादेवी मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि अल्मोड़ा एक सांस्कृतिक, धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर है, जिसे बदनाम करने का यह प्रयास बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना है कि कुछ लोग निजी स्वार्थ और ओछी राजनीति से प्रेरित होकर इस तरह के भ्रामक वीडियो बनाकर शहर की गरिमा को ठेस पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “हमारा शहर, हमारा अभिमान है और इसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
👉पर्यटकों से खास अपील
पार्षदों ने देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों से अपील की कि वे किसी भी भ्रामक प्रचार या सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट जानकारी पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अतिथि सत्कार के लिए जाना जाता है, और यहां आने वाले पर्यटकों का हमेशा स्वागत है।
👉शौचालय सुविधा को लेकर दी जानकारी
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि मॉल रोड क्षेत्र में महिलाओं के लिए हाईटेक शौचालय पूरी तरह से संचालित है। इसके अलावा बाजार क्षेत्र में अतिरिक्त शौचालयों के निर्माण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जा रही है, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
👉 ये रहे मौजूद
इस दौरान पार्षद अमित साह मोनू, अर्जुन सिंह बिष्ट, मां नंदादेवी मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज सनवाल, कृष्ण बहादुर सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
