Sat. Apr 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़

रानीखेत (अल्मोड़ा)  यात्रा में जरा सी असावधानी आज जानलेवा साबित हो गयी। एक दुखद हादसा रानीखेत में हुआ, जिसमें एक 21 साल के युवक की मौत हो गई।
गुरुवार को अपराह्न करीब 3:30 बजे रोडवेज बस संख्या- यूके 07 टीए 4243 रानीखेत से देहरादून के लिए रवाना हुई थी। पन्याली के पास पहुंचते ही स्याल्दे के  सराईखेत मतखानी निवासी युवक रोहित रावत पुत्र दान सिंह रावत को अचानक उल्टी होने लगी। उसने खिड़की से सिर बाहर निकाला, लेकिन तभी बस के मोड़ पर संतुलन बिगड़ा और उसका सिर बस के शीशे से जोरदार टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शीशा चकनाचूर हो गया और सिर लोहे के एंगल से भी टकरा गया। बस में बैठे यात्रियों ने तेज आवाज सुनी और बस में अफरातफरी मच गई। चालक ने तत्काल बस रोककर युवक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टर ने उसे उप जिला चिकित्सालय रानीखेत रेफेर किया जहाँ चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक रोहित रावत महाविद्यालय रानीखेत में बीएससी का छात्र था और अपने भाई रोहन के साथ चिलियानौला में किराए के मकान में रहता था। दोनों भाइयों को शुक्रवार को देहरादून में एक प्रतियोगी परीक्षा देनी थी, लेकिन परीक्षा से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बस के चालक और परिचालक से पूछताछ की जा रही है कि कहीं बस की तेज रफ्तार या कोई अन्य कारण तो इस दुर्घटना की वजह नहीं बना।