जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जनपद में संचालित राजस्व कार्यों, अदालती मामलों तथा शासन और राजस्व बोर्ड स्तर से संचालित विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने की, जिसमें जिले के सभी राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों के निस्तारण में गंभीरता बरती जाए और नियत अवधि के भीतर मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आगामी 28 मार्च को प्रस्तावित राजस्व लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए सभी तहसीलों में आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने तथा इसके लिए उपयुक्त स्थानों का चिन्हीकरण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान अल्मोड़ा तहसील में संचालित पायलट कार्यक्रम “नक्शा” के तहत किए जा रहे सर्वेक्षण कार्यों की समीक्षा भी की गई। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वेक्षण कार्य पूरी शुद्धता और सावधानी के साथ किया जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर इसकी प्रगति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने किसान रजिस्ट्री के कार्यों की समीक्षा करते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि चूंकि किसान रजिस्ट्री में पंजीकरण का कार्य कृषि विभाग के माध्यम से किया जाना है, इसलिए कृषि विभाग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए और अपेक्षित सहयोग प्रदान किया जाए। कार्य में किसी प्रकार की समस्या आने पर तुरंत अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अंश निर्धारण तथा डिजिटल फसल सर्वेक्षण जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रमों की तहसीलवार प्रगति का भी अवलोकन किया गया। अपर जिलाधिकारी ने दैनिक प्रगति की समीक्षा करते हुए जिन तहसीलों में कार्य अपेक्षाकृत धीमा पाया गया, उन्हें निर्धारित दैनिक लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बैठक में डिजिटाइजेशन से संबंधित कार्यों, फार्मर रजिस्ट्रियों के अद्यतन, राजस्व वादों की प्रगति तथा अन्य महत्वपूर्ण राजस्व विषयों पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
