जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
चौखुटिया (अल्मोड़ा) विकासखंड चौखुटिया में आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को प्रमुखता से उठाया।
बैठक के दौरान ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति पर चिंता व्यक्त करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कर ग्रामीणों को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। अधिकारियों ने अवगत कराया कि शेष कार्यों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त ग्रामीण सड़कों की दयनीय स्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा शिक्षा से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधारीकरण, स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं के विस्तार तथा विद्यालयों में संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने के सुझाव दिए।
बैठक की विशेष बात महिला जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही। महिला ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य तथा महिला एवं शिशु कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते हुए योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को मजबूत बनाए जाने पर जोर दिया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अमजद खान ने जानकारी दी कि उपजिला चिकित्सालय चौखुटिया को तीन विशेषज्ञ चिकित्सक मिल चुके हैं। साथ ही ऑपरेशन थिएटर को सुदृढ़ करने की प्रक्रिया जारी है, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
विधायक प्रतिनिधि नंदन सिंह मेहरा ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गमन में आ रही समस्याओं का मुद्दा उठाया, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य कविता नेगी (सिमलखेत) ने सिमलखेत में एएनएम सेंटर स्थापित करने की मांग का ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि इससे गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं को समय पर टीकाकरण व स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विषयों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने कहा कि जन समस्याओं का समाधान, बेहतर सुविधाओं की उपलब्धता तथा पारदर्शी व गुणवत्तापरक सेवाएं देना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख जितेंद्र बंगारी, कनिष्ठ प्रमुख सुप्रिया, परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी, जिला पंचायतराज अधिकारी राजेंद्र गुंज्याल, तहसीलदार तितिक्षा जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
