जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
चमोली। बदरीनाथ धाम में आज रविवार को रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी को भावभीनी विदाई दी गयी। इसी के साथ अमरनाथ नंबूदरी प्रभारी रावल पद पर विराजमान हो गए हैं। शनिवार को उनका तिलपात्र हुआ था। इससे पहले उन्होंने बदरीनाथ धाम में स्थित पंच धाराओं में जाकर स्नान किया। इसके बाद मंदिर पहुंचकर हवन किया, और मंदिर परिसर में स्थित हवन कुंड में हवन किया। फिर तप्त कुंड में स्नान के बाद मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश किया। यहां पहले से मौजूद निवर्तमान रावल के साथ बाल भोग व आरती करने के बाद दोनों रावल स्वर्ण छड़ी के साथ रावल निवास में पंहुचे। अब से मंदिर में होने वाली समस्त पूजाएं नए रावल अमरनाथ ही करेंगे। बता दें कि हाल में ही बदरीनाथ धाम के मुख्य पुजारी रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी ने स्वास्थ्य कारणों के चलते स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी। वे 10 सालों तक बद्रीनाथ धाम के रावल रहे। जिसके बाद बदरी केदार मंदिर समिति ने उनके स्थान पर नायब रावल अमरनाथ नंबूदरी (उम्र 30 वर्ष) को प्रभारी रावल नियुक्त किया।

ऐसे में अमरनाथ नंबूदरी को दायित्व सौंपने के लिए 13 जुलाई से धार्मिक अनुष्ठान शुरू किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के तहत शनिवार को नायब रावल अमरनाथ नंबूदरी का मुंडन किया गया। फिर हवन और शुद्धिकरण कर उनका तिल पात्र किया गया। आज यानी 14 जुलाई की सुबह प्रभारी रावल अमरनाथ नंबूदरी ने पंच पंचतीर्थ स्नान किया. जिसके तहत बद्रीनाथ मंदिर के पास मौजूद पंच शिलाओं (पंच शिला, नारद शिला, नरसिंह शिला, वराह शिला, गरुड़ शिला, मार्कण्डेय शिला) के दर्शन किए। फिर तप्त कुंड, विष्णुपदी गंगा, अलकनंदा, ऋषि गंगा, कुर्मूधारा प्रह्लाद धारा, नारद कुंड में स्नान किया। निवर्तमान रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी ने अपने कार्यकाल की प्रात:काल को होने वाली अभिषेक और पूजा की। उसके बाद सुबह साढ़े 7 बजे बाद उन्होंने अंतिम बाल भोग लगाया। उसके बाद नए प्रभारी रावल अमरनाथ नंबूदरी को आशीर्वाद मंत्र और स्वर्ण छड़ी (शिंगौल) सौंपी। स्वर्ण छड़ी लेकर पहली बार प्रभारी रावल अमरनाथ नंबूदरी ने बद्रीनाथ मंदिर के गर्भगृह में पूजा-अर्चना के लिए प्रवेश किया।