जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर (नैनीताल) द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में न्यू कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। परीक्षा अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की नकल अथवा अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में प्रश्नपत्रों की सुरक्षित रख-रखाव व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, पेयजल, विद्युत, फर्नीचर एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षाएं पूर्ण अनुशासन एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएं, जिससे विद्यार्थियों को निष्पक्ष एवं अनुकूल वातावरण मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा सहित शिक्षा विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
