Tue. Mar 24th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज राजकीय पुस्तकालय का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे पाठकों एवं विद्यार्थियों से पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया।


जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। बीते समय में पुस्तकालय की सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है। पुस्तकालय में वाईफाई सुविधा, हीटर, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, शौचालय सुविधा, बैठने की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए पुस्तकालय के संचालन की समय अवधि भी बढ़ाई गई है।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न सरकारी नौकरियों में चयनित हुए युवाओं से भी मुलाकात की और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने चयनित युवाओं से कहा कि वे अपने अध्ययन को निरंतर जारी रखें तथा उच्च पदों के लिए तैयारी करते रहें। जिलाधिकारी ने चयनित युवाओं को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनकी पीठ थपथपाकर शाबाशी दी तथा पुस्तकालय में अध्ययनरत अन्य छात्रों का भी मनोबल बढ़ाया।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि उनके अध्ययन एवं तैयारी के लिए प्रशासन द्वारा अपने स्तर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
पुस्तकालय में अध्ययनरत पाठकों ने सुविधाओं के विस्तार के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।

यहां जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक रवि मेहता, अधिशाषी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग आर चंद्रा समेत अन्य संबंधित उपस्थित रहे।