Mon. Oct 13th, 2025
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़

अल्मोड़ा। नगर क्षेत्र के अंतर्गत एनटीडी रोड से धारकी तूनी तक बनाए जा रहे सड़क मार्ग निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण नगर निगम अल्मोड़ा के महापौर अजय वर्मा एवं नगर आयुक्त दिवेश शासनी ने किया। निरीक्षण के दौरान अपर सहायक अभियंता दीपक सिंह मटियाली, निर्माण कार्य के ठेकेदार लाल सिंह जलाल तथा स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।


इस निरीक्षण का उद्देश्य निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और तकनीकी पहलुओं की समीक्षा करना था, ताकि जनता को भविष्य में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। महापौर अजय वर्मा ने कहा कि नगर निगम द्वारा जनता की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। “इस मार्ग का निर्माण स्थानीय लोगों के लिए बहुत आवश्यक था। वर्षों से खराब सड़क के कारण क्षेत्रवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।” उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

नगर आयुक्त दिवेश शासनी ने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए और इस दौरान सभी तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को यह भी निर्देश दिए कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि किसी भी दुर्घटना की संभावना न रहे।

अपर सहायक अभियंता दीपक सिंह मटियाली ने बताया कि सड़क निर्माण में मानकों के अनुरूप सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है और कार्य लगातार निगरानी में है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य को शीघ्र और सुरक्षित ढंग से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

स्थानीय निवासियों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह सड़क मार्ग क्षेत्र के लिए एक बड़ी सुविधा सिद्ध होगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने का आग्रह किया।

महापौर व नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि नगर निगम आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु प्रतिबद्ध है और जनसुविधा से जुड़ी परियोजनाओं की सतत निगरानी जारी रहेगी।