जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 5 फरवरी 2026। राजकीय इण्टर कॉलेज, अल्मोड़ा में वन अग्नि सुरक्षा सप्ताह 2026 के अवसर पर एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को वनाग्नि की घटनाओं, उनके दुष्प्रभावों तथा रोकथाम के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।
गोष्ठी के दौरान वन विभाग की ओर से उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने छात्र–छात्राओं को बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े वनाग्नि हादसों का कारण बन सकती है। उन्होंने जंगलों में आग लगने के प्रमुख कारणों जैसे जलती बीड़ी-सिगरेट फेंकना, सूखी घास में आग लगाना तथा अनियंत्रित कैम्प फायर के खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विशेष रूप से लोदिया बीट, कोसी रेंज, सिविल सोयम वन प्रभाग अल्मोड़ा की टीम द्वारा वनों को आग से बचाने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों को वन संपदा के महत्व, जैव विविधता की रक्षा और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी भूमिका के बारे में भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक रहें और दूसरों को भी वनाग्नि से बचाव के लिए प्रेरित करें, ताकि प्राकृतिक धरोहर सुरक्षित रह सके।
