जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा अल्मोड़ा में भैंसवाड़ा स्थित प्रस्तावित गौशाला निर्माण कार्य विभागीय सुस्ती की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा कुछ माह पूर्व गौशाला निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई थी, जिसके तहत अल्मोड़ा के भैंसवाड़ा क्षेत्र में भी गौशाला का निर्माण प्रस्तावित था। धन आवंटन के बाद निर्माण कार्य के टेंडर भी जारी कर दिए गए थे, लेकिन महीनों बीत जाने के बावजूद निर्माण शुरू नहीं हो सका है।
बताया जा रहा है कि पशुपालन विभाग द्वारा विभागीय भूमि पर खड़े पेड़ों के कटान के लिए आवश्यक एनओसी जारी नहीं की गई है। इसी वजह से टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी निर्माण कार्य अटका हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में निराश्रित गौवंश सड़कों पर भटक रहा है, जिससे दुर्घटनाओं और अन्य समस्याओं का खतरा बना रहता है। गौशाला बनने से इन गौवंशों को सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा।
इस देरी को लेकर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में पार्षदों और ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने आग्रह किया कि गौवंश और आमजन के हित में गौशाला निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए तथा देरी के लिए जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
जिलाधिकारी से मिलने वालों में पार्षद अमित साह मोनू, पार्षद अभिषेक जोशी, ग्राम प्रधान विनोद जोशी, डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, आशीष वर्मा, कृष्ण बहादुर सिंह, दीप जोशी, अनूप साह सहित अन्य स्थानीय लोग शामिल रहे।
