जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा प्रशासन गाँव की ओर अभियान के तहत विकासखंड ताड़ीखेत की न्याय पंचायत जैनोली में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में मुख्यमंत्री ने स्वयं पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिविर में लगाए गए सभी विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया तथा मुख्यसेवक स्टॉल पर बैठकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर क्रमवार चर्चा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े। अब अधिकारी स्वयं गांवों में जाकर जनता के कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के सभी विभाग एक ही मंच पर उपस्थित होकर जनसमस्याओं का समाधान कर रहे हैं और आमजन को इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाना चाहिए। यह कार्यक्रम पूरी तरह से जनता की सुविधा को ध्यान में रखकर आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविर के दौरान पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज जैनोली के जर्जर भवन को लेकर सामने आई शिकायत पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय भवन के जीर्णोद्धार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन गाँव की ओर अभियान शासन और जनता के बीच संवाद, विश्वास और सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी पहल है, जिससे जनसमस्याओं का समाधान पारदर्शी और प्रभावी ढंग से किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विधायक रानीखेत प्रमोद नैलवाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, जॉइंट मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
