Sat. Apr 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखंड

अल्मोड़ा:: अल्मोड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में आज सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
इसके साथ ही महंगाई के विरोध में सरकार का पुतला भी दहन किया गया। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ता आज दोपहर चौघानपाटा एकत्रित हुए और जोरदार नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया।


इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल,डीजल सहित बिजली के दामों में बढ़ोतरी करके मध्यमवर्गीय एवं गरीब जनता की कमर तोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज दैनिक उपभोग की प्रत्येक वस्तु मध्यमवर्गीय की पहुंच से बाहर हो रही है।उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने खाना बनाने के लिए प्रयोग होने वाले घरेलू गैस सिलेंडर में पचास रुपये की बढ़ोत्तरी कर दी गयी है। वहीं महंगाई बढ़ाने के मामले में राज्य सरकार भी पीछे नहीं है।
ऊर्जा प्रदेश होने के बावजूद उत्तराखंड में आज बिजली की दरों में वृद्धि कर दी गई है जो आम जनता के साथ धोखा है।

नगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी ने कहा कि एक तरफ सरकार सबके विकास की बात करती है वहीं महंगाई को बढ़ाकर लोगों को आर्थिक दिक्कतों की ओर धकेल रही है। उन्होंने कहा कि आज राशन,दवा से लेकर दाल,कपड़े,घरेलू सामान सबके मूल्य आसमान छू रहें हैं जिससे जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट ने कहा कि इस बढ़ती महंगाई से महिलाओं के किचन का बजट बिगड़ गया है एवं मध्यवर्गीय एवं गरीब जनता इससे त्रस्त है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोगों को अच्छे दिनों का सपना दिखाकर सत्ता में आई भाजपा सरकार से अब लोगों का मन खिन्न हो चुका है एवं इसका जवाब जनता भाजपा सरकार को आगामी पंचायत एवं विधानसभा चुनावों में सत्ता से बेदखल करके देगी।

पुतला दहन कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज,जिलाध्यक्ष यूथ कांग्रेस दीपक कुमार,नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पू्र्व दर्जामंत्री पूरन रौतेला,लोकसभा मीडिया प्रभारी बाल कृष्ण पांडे, हर्ष कनवाल,जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस राधा बिष्ट, विनोद वैष्णव, परितोष जोशी,नगर अध्यक्ष यूथ कांग्रेस जगदीश तिवारी, बाल विक्रम सिंह रावत, जिलाध्यक्ष प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल सुशील साह,भैरव गोस्वामी,अख्तर हुसैन,वकुल साह, अजीत कार्की,वैभव पांडेय, तारा पांडेय,फेमिना खान,लीला जोशी, रोहित रौतेला,सुधांशु रौतेला,तारा तिवारी,आशीष भारती सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।