जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा कर्नाटक खोला स्थित रामलीला मैदान में 22 मार्च 2026 को “दर्शन उत्सव–2026” का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का एक अनूठा अवसर होगा।
कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शुरू होगा, जिसमें उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और असम की समृद्ध सांस्कृतिक झलकियां एक ही मंच पर देखने को मिलेंगी।
उत्सव में उत्तराखंड की छपेली और गढ़वाली नृत्य, उत्तर प्रदेश की नृत्य माटिका, हरियाणा के फाग और पनिहारी तथा असम का प्रसिद्ध बिहू नृत्य प्रमुख आकर्षण होंगे।
सांस्कृतिक संध्या को और खास बनाएंगी माया उपाध्याय, जो भजन एवं लोकगीतों की प्रस्तुति देंगी। असम से जॉय डेका और उनकी टीम बिहू नृत्य प्रस्तुत करेंगे, जबकि लखनऊ की सौम्य वर्मा अपने साथियों के साथ फ्यूजन नृत्य नाटिका पेश करेंगी।
हरियाणा से मोहन सिंह एवं दल लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगे, वहीं अल्मोड़ा की भावना कठायत अपनी टीम के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति को मंच पर जीवंत करेंगी।
आयोजकों के अनुसार “दर्शन उत्सव” का उद्देश्य लोगों को अपनी व्यस्त जीवनशैली से कुछ समय निकालकर अपनी जड़ों, लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत की मिठास को महसूस कराना है।
इस भव्य आयोजन का नेतृत्व बिट्टू कर्नाटक द्वारा किया जा रहा है, जिसे भुवनेश्वर महादेव मंदिर एवं रामलीला समिति, कर्नाटक खोला के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
