Wed. Feb 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

देहरादून। प्रस्तावित मां नंदा राजजात यात्रा 2026 की तैयारियों के संबंध में आज एक महत्वपूर्ण पहल हुई। चंद्र वंशज राजा करन चंद्र सिंह राज सिंह के पुत्र युवराज नरेंद्र चंद्र राज सिंह के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर यात्रा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पाण्डेय के साथ भी शिष्टमंडल की बैठक आयोजित हुई। कमिश्नर ने सभी पक्षों को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद बताया कि यात्रा की व्यवस्थाओं और समन्वय को लेकर शीघ्र ही एक व्यापक बैठक बुलाई जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि यह बैठक ग्वालदाम या कर्णप्रयाग में आयोजित की जाएगी, जिसमें कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के संबंधित अधिकारी, मंदिर समितियों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में राजजात यात्रा के आयोजन से जुड़े विषयों पर सामूहिक रूप से निर्णय लिया जाएगा। गढ़वाल कमिश्नर ने आश्वस्त किया कि यह बैठक 15 फरवरी से पहले आयोजित कर ली जाएगी, जबकि स्थान और तिथि की औपचारिक घोषणा शीघ्र कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री से भेंट से पूर्व शिष्टमंडल की एक तैयारी बैठक कुंवर भवानी सिंह के आवास पर भी हुई, जिसमें मुख्यमंत्री से वार्ता के बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में प्रमुख रूप से युवराज नरेंद्र चंद्र सिंह, कुरूड़ मां नंदा राजजात यात्रा समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत, अल्मोड़ा मां नंदा देवी मंदिर के अध्यक्ष मनोज वर्मा, पुरोहित अशोक गौड़, पुरोहित विनोद नौटियाल, राज परिवार के धीरेंद्र सिंह, मंदिर समिति संयोजक अमित साह (मोनू), संयोजक अर्जुन बिष्ट, राज परिवार के विक्रम सिंह साह, आशीष अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
शिष्टमंडल ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार और प्रशासन के सहयोग से मां नंदा राजजात यात्रा 2026 का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और परंपरानुसार संपन्न होगा।