Tue. Feb 3rd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़

अल्मोड़ा। आज दिनांक 12 जनवरी 2026 को सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला के नेतृत्व में ग्राम सभा खत्यांगी अंतर्गत मनोज विहार कॉलोनी के दर्जनों स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा से मुलाकात कर 400 मीटर लंबे पैमाइशी मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
स्थानीय निवासी अर्जुन सिंह कनवाल ने बताया कि मनोज विहार क्षेत्र में सैकड़ों मकान निर्मित हो चुके हैं, लेकिन दशकों से पैमाइशी मार्ग का निर्माण न होने के कारण लोगों को अत्यंत कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लगभग 400 मीटर लंबा यह रास्ता अत्यधिक जर्जर एवं खस्ताहाल हो चुका है, जिससे आवागमन में परेशानी के साथ किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी हुई है।
सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला ने कहा कि इस क्षेत्र में अधिकांश लोग सेवानिवृत्त कर्मी हैं, जिन्होंने अपनी पूरी सेवानिवृत्ति निधि पहाड़ में बसने की भावना से जमीन खरीदकर मकान निर्माण में लगा दी। उन्होंने बताया कि इन लोगों के पास हल्द्वानी जैसे मैदानी क्षेत्रों में बसने का विकल्प था, लेकिन पहाड़ के प्रति प्रेम और सम्मान के कारण उन्होंने अल्मोड़ा में निवास करना चुना। बुनियादी सुविधाओं, विशेषकर मार्ग जैसी मूल आवश्यकता के अभाव में अब वे स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं, जबकि पेंशनधारी होने के कारण वे स्थानीय अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
मनोज विहार क्षेत्र के लगभग 70–75 परिवारों की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से सौहार्दपूर्ण वार्ता की। इस दौरान जिलाधिकारी ने समस्या की गंभीरता को समझते हुए शीघ्र ही मार्ग निर्माण का पूर्ण आश्वासन दिया।
स्थानीय जनता ने जिलाधिकारी द्वारा समस्या के प्रति संवेदनशीलता दिखाने और त्वरित कार्रवाई का भरोसा देने पर उनका आभार व्यक्त किया।
ज्ञापन देने वालों में विनय किरौला, हरि विलास पनेरू, गोविंद सिंह भंडारी, एल.एम. जोशी, हरि शंकर बिनवाल, अर्जुन सिंह कनवाल, जयपाल नयाल, कमला भंडारी, आशा बिष्ट, खष्टी देवी, कमला नयाल, भगवती बिष्ट, चम्पा मेहरा, चम्पा देवी, नरेंद्र सिंह राणा, गजेन्द्र बिष्ट, सुजीत टम्टा सहित दर्जनों स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।