जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कंडोलिया मनान स्थित देवी मंदिर में आयोजित जन मिलन कार्यक्रम में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने शिरकत कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, राशन कार्ड में नाम जोड़ने तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने जैसी कई अहम समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। इस पर मंत्री रेखा आर्या ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि अन्य लंबित मामलों को जल्द निस्तारित करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि ग्रामवासियों की मांगों को देखते हुए सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 13.50 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता है।
जनमिलन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने अपनी समस्याएं सीधे मंत्री के समक्ष रखीं, जिस पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
