जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा। पूर्व दर्जा मंत्री एवं भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि प्रदेश की धामी सरकार उत्तराखंड के समग्र और संतुलित विकास के लिए निरंतर संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। सरकार द्वारा जनता से किए गए सभी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए चौखुटिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बाल रोग विशेषज्ञ एवं महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति कर दी गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत ‘यू कोट, वी पे’ मॉडल के तहत चयनित सात विशेषज्ञ चिकित्सकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया, डीडीहाट, बीरोंखाल तथा उप जिला चिकित्सालय गैरसैंण में तैनात किया गया है, जिससे मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
श्री कर्नाटक ने बताया कि प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत एनेस्थेटिस्ट और पीडियाट्रिशियन के दो-दो तथा ऑब्स्टेट्रिक एवं गायनी के तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों का चयन किया गया है। विभागीय अनुबंध के तहत इन चिकित्सकों की तैनाती विभिन्न जनपदों की चिकित्सा इकाइयों में कर दी गई है। साथ ही राजकीय चिकित्सा संस्थानों में आधुनिक उपकरणों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य सहायक कर्मचारियों की नियुक्ति भी निरंतर की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सीमांत एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया जा रहा है। अब सरकार स्वयं जनता के घर तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है, जिससे लोगों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
श्री कर्नाटक ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, वित्तीय सहायता एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी अनेक योजनाओं को तेजी से क्रियान्वित किया जा रहा है। युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, वहीं महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु गौरा देवी कन्या धन योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना जैसी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं। कृषि क्षेत्र में सिंचाई, फसल बीमा, टैंक एवं स्प्रिंकलर स्थापना तथा व्यवसाय शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता और सब्सिडी प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण, मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति, ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क मार्ग से जोड़ने, महिला सशक्तिकरण, विद्युत एवं पेयजल समस्याओं के समाधान जैसे कार्यों से मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में चहुंमुखी विकास हो रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव जनता के जीवन स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
श्री कर्नाटक ने कहा कि प्रदेश में हो रहे व्यापक विकास कार्यों के कारण विपक्षी कांग्रेस पार्टी के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। इसी हताशा में कांग्रेस मुद्दाविहीन आंदोलनों का सहारा लेकर सरकार की छवि धूमिल करने का असफल प्रयास कर रही है, जिसे जनता भली-भांति समझ चुकी है। ऐसे आंदोलनों से कांग्रेस को कोई लाभ नहीं मिलने वाला है और पार्टी लगातार सत्ता से बाहर ही रहेगी।
