जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना का जनपद स्तर पर प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने गत दिवस संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका मुख्य उद्देश्य कृषकों एवं आमजन को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि योजना से जुड़ी समस्त कार्यवाहियों को गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि योजना से संबंधित सभी विभाग अपने-अपने विभाग से जुड़ी वांछित सूचनाओं को निर्धारित समयावधि के भीतर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब को कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन-जिन विभागों की इस योजना के क्रियान्वयन में भूमिका है, वे योजना के सभी प्राविधानों का गहन अध्ययन कर आगामी कार्य योजनाएं तैयार करें, ताकि कृषकों एवं आमजन को योजना का सही, पारदर्शी एवं प्रभावी लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी आनंद गोस्वामी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
