जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में घरेलू गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से गठित क्विक रिस्पांस दलों के प्रभारियों (उपजिलाधिकारियों) के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नियमित रूप से निरीक्षण और चेकिंग अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता को निर्धारित दरों पर और तय समयांतराल में गैस उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी क्विक रिस्पांस दल सक्रियता के साथ काम करें और अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें।
उन्होंने बताया कि सभी गैस वितरकों और एजेंसियों को भी प्रशासन द्वारा तय व्यवस्था का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिलाधिकारी ने जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए ही अपना रिफिल सिलेंडर प्राप्त करें।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों को राजस्व वादों के निस्तारण के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित राजस्व वादों के निपटान में तेजी लाई जाए और समयबद्ध तरीके से मामलों का निस्तारण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से न्याय के लिए प्रतीक्षा न करनी पड़े।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने और पूरी जिम्मेदारी व पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार समेत अन्य उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल रहे।
