जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 10 मार्च 2026। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय आरसेटीआई सलाहकार समिति (डीएलआरएसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आरसेटीआई द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति और उनसे जुड़े विषयों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पिछली डीएलआरएसी बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन तथा बीते वर्ष आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने एमओआरडी द्वारा निर्धारित प्रशिक्षण लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए बीपीएल अभ्यर्थियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना निदेशक, बीडीओ, वीडीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2022–23 से 2025–26 तक के लंबित दावों की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा प्रशिक्षणार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरसेटीआई परिसर में पॉलीहाउस स्थापित करने, परिसर के आसपास पांच सोलर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने तथा एसबीआई आरसेटी भवन की मरम्मत के संबंध में भी चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाएं, ताकि युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ मिल सके।
बैठक में जिला विकास अधिकारी एस.के. पंत, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अनिरुद्ध शाह, समस्त बीडीओ तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
