जनतानामा न्यूज अल्मोडा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में विकासभवन सभागार में मुख्यमंत्री द्वारा 04 जुलाई 2021 से अब तक की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत प्रगति रिपोर्टों की गहन समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है, उनकी अद्यतन स्थिति नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा करने और किसी भी बाधा की स्थिति में उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्धारित प्रारूप में अद्यतन सूचनाएं उपलब्ध कराने को भी कहा, ताकि उच्च स्तरीय बैठकों में सटीक जानकारी प्रस्तुत की जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप धौलाखंडी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
