जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक लेते हुए संबंधित विभागों के कार्यों, लक्ष्यों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अपेक्षाकृत कम प्रदर्शन करने वाले विभागों पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 20 सूत्रीय कार्यक्रम सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके अंतर्गत विभिन्न विभागों के कार्यों के आधार पर रैंकिंग तय की जाती है।
जिलाधिकारी ने निम्न रैंकिंग वाले विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि रैंक सुधार हेतु कार्यों का पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर सक्रिय रहकर योजनाओं के कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
