Tue. Mar 31st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा,  जनपद अल्मोड़ा के भ्रमण पर पहुंचे नीति आयोग के उपाध्यक्ष  सुमन के बेरी से जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शिष्टाचार भेंट की। कसार देवी स्थित एक होटल में हुई इस मुलाकात के दौरान जिले के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने उपाध्यक्ष को जनपद की भौगोलिक, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति की विस्तृत जानकारी देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, स्वच्छता, ग्राम्य विकास, रोजगार सृजन और तकनीकी विकास से जुड़े पहलुओं से अवगत कराया। साथ ही उन्होंने जिले में संचालित विकास योजनाओं, उपलब्धियों और चुनौतियों की भी जानकारी साझा की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से हिमाद्रि हैंडलूम द्वारा निर्मित शॉल एवं अन्य पहाड़ी उत्पाद उपाध्यक्ष को भेंट किए।
नीति आयोग के उपाध्यक्ष श्री सुमन के बेरी ने अल्मोड़ा के प्राकृतिक सौंदर्य और स्वच्छ वातावरण की सराहना करते हुए विकास के लिए स्थानीय प्रयासों को सराहा।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप धौलाखंडी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।