जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में जनपद अल्मोड़ा में कोडीन युक्त कफ सिरप एवं मनःप्रभावी औषधियों के अवैध आवागमन, बिक्री और दुरुपयोग की रोकथाम के लिए औषधि विभाग द्वारा सख्त निगरानी अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत औषधि निरीक्षक अल्मोड़ा पूजा जोशी ने जिले के विभिन्न खुदरा और थोक औषधि प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दवाओं के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया तथा खरीद-बिक्री अभिलेखों की गहन जांच की गई, जो संतोषजनक पाई गई।
निरीक्षण के समय यह भी सुनिश्चित किया गया कि कोडीन युक्त कफ सिरप और मनःप्रभावी औषधियों की बिक्री केवल पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में तथा पंजीकृत चिकित्सा व्यवसायी द्वारा जारी विधिवत पर्चे के आधार पर ही की जा रही है।
अभियान के दौरान परीक्षण एवं विश्लेषण के उद्देश्य से तीन दवाओं के नमूने भी संग्रहित किए गए, जिन्हें जांच के लिए राज्य औषधि विश्लेषणशाला भेजा जाएगा। इसके अतिरिक्त मेडिकल स्टोरों में लगे सीसीटीवी कैमरों और उनकी रिकॉर्डिंग व्यवस्था की भी विस्तार से जांच की गई।
औषधि निरीक्षक ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कोडीन युक्त कफ सिरप एवं मनःप्रभावी दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और विशेष रूप से युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से बचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
