जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज स्थित बेस हॉस्पिटल में आज इलेक्ट्रोएन्सेफलोग्राफी (EEG) प्लांट का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अत्याधुनिक सुविधा के शुरू होने से जिले और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को अब मस्तिष्क संबंधी बीमारियों की जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

इलेक्ट्रोएन्सेफलोग्राफी (EEG) एक गैर-आक्रामक एवं सुरक्षित चिकित्सा परीक्षण है, जिसमें खोपड़ी पर छोटे-छोटे इलेक्ट्रोड लगाकर मस्तिष्क की विद्युत गतिविधि (ब्रेन वेव्स) को रिकॉर्ड किया जाता है। इस जांच के माध्यम से मिर्गी, नींद से जुड़े विकार, बेहोशी, दौरे तथा अन्य न्यूरोलॉजिकल समस्याओं का सटीक पता लगाने और उनकी नियमित निगरानी में चिकित्सकों को महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।
EEG प्लांट की स्थापना से मेडिकल कॉलेज बेस हॉस्पिटल अल्मोड़ा की न्यूरोलॉजी सेवाएं और अधिक सशक्त होंगी, जिससे पहाड़ी क्षेत्र के मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध हो सकेगा। यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस दौरान डॉ सी पी भैसोड़ा, डॉ अमित सिंह, डॉ अनिल पाण्डे, डॉ बीना तेजन, डी एन एस अनुक्रा, राजेश काण्डपाल, गौरव कुमार आदि मौजूद रहे।