जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा। क्वारब डेंजर जोन को लेकर नया ट्रैफिक डायवर्जन लागू होने के बाद अब इसका विरोध भी शुरू हो गया है। ट्रक ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष और उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष दीपेश चंद्र जोशी उर्फ देवा भाई ने सरकार और प्रशासन पर सीधा हमला बोला है।

देवा भाई का कहना है कि पिछले एक साल से क्वारब मोटर मार्ग को लेकर सिर्फ घोषणाएं और तुगलकी फरमान ही जारी हो रहे हैं, लेकिन स्थायी समाधान आज तक नहीं निकला। उन्होंने कहा कि इस मार्ग को भारी वाहनों के लिए बंद करना प्रशासन की असफलता का सबूत है।
उन्होंने आगे कहा कि रात में तो मार्ग पहले ही बंद कर दिया जाता है और अब दिन में भी भारी वाहनों पर रोक लगा दी गई है, जिससे माल भाड़ा, टैक्सी किराया, सब्जी, राशन सभी के दाम बढ़ेंगे और पर्यटन व्यवसाय को बड़ा झटका लगेगा।”एक साल से ज्यादा वक्त बीत गया है लेकिन प्रशासन कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल सका है। रोज़ नया फरमान आता है, लेकिन समस्या जस की तस है। यह फैसला पूरी तरह से अनुचित है और हम इसका कड़ा विरोध करते हैं।