जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जनपद से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। ताकुला–अल्मोड़ा मोटर मार्ग पर गुरुवार को हुए एक भीषण दुर्घटना में एक मासूम बालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली नंबर की एक कार ताकुला से अल्मोड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान बसौली के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण डगमगा गया और कार लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और बचाव अभियान चलाया गया।
इस दुर्घटना में 11 माह के रेहान, 24 वर्षीय मंजू देवी तथा 45 वर्षीय दिनेश राम की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं महेश आर्य, गोपाल राम, जया, संजय कुमार और चालक अर्जुन कुमार घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग झिझाड़ गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे और वापस दिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया और शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं।
पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। क्षेत्र में इस घटना के बाद शोक और स्तब्धता का माहौल है।
