जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत आज जनपद अल्मोड़ा की तीन न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन तक शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को सीधे पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के तहत विकासखंड ताकुला की न्याय पंचायत भैंसडगांव, विकासखंड ताड़ीखेत की न्याय पंचायत पंतकोटूली तथा विकासखंड सल्ट की न्याय पंचायत मछोड़ में शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित किया।
तीनों शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। अनेक लोगों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया, जबकि प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गई। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति संतोष एवं विश्वास का माहौल देखने को मिला।
प्रशासन की ओर से कहा गया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
