जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा। राज्य सरकार की जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार पहल के अंतर्गत आज विकासखंड धौलादेवी की न्याय पंचायत पानुवानौला स्थित गांधी इंटर कॉलेज परिसर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को सीधे जनता तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना रहा।
शिविर के माध्यम से समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा, पंचायतीराज, कृषि, उद्यान, विद्युत, पेयजल सहित अनेक विभागों द्वारा लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान 900 से अधिक लोग लाभान्वित हुए तथा कई शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया। शिविर में अनेक लोगों के आधार कार्ड एवं ई-श्रम कार्ड बनाए गए, पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई तथा समाज कल्याण विभाग के माध्यम से सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराए गए।
शिविर में पहुंचे राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष दिनेश आर्य ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम की मंशा जनता की समस्याओं का उनके निकट जाकर समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों से कार्यक्रम की भावना के अनुरूप अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शिविर में पहुंचकर जनता की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने नागरिकों की एक-एक कर फरियादें सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाना तथा लोगों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागीय स्टालों का निरीक्षण करते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिविरों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का नियमित अनुश्रवण किया जाएगा, जिससे वास्तविक लाभ जनता तक पहुंच सके।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई और लोगों को प्रत्यक्ष रूप से योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान कुल 83 शिकायतें विभिन्न विभागों से संबंधित पंजीकृत की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया। शेष शिकायतों को अग्रिम कार्यवाही के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। अधिकतर शिकायतें पेयजल से संबंधित थीं, जिस पर जिलाधिकारी ने पेयजल निगम, जल संस्थान एवं स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम गठित कर समस्या के स्थायी समाधान हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि विभागीय स्टालों पर आए लोगों का विवरण सुरक्षित रखा जाए तथा उनसे संपर्क कर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, ब्लॉक प्रमुख लीला बिष्ट, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
